Pioneer digital desk
देश के 26 राज्यों में मानसून सक्रिय हो चुका है और इसका असर अब तबाही में बदलता दिख रहा है। गुजरात के सूरत में रविवार शाम से लगातार बारिश हो रही है और सोमवार सुबह 8 बजे से 12 बजे के बीच सिर्फ 4 घंटे में 7 इंच बारिश दर्ज की गई।
सूरत में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने स्कूलों की छुट्टी कर दी है और नागरिकों से घरों में रहने की अपील की गई है। यह बारिश 2006 की भयावह बाढ़ की याद दिला रही है, जब 7-10 अगस्त के बीच शहर का 80% से अधिक हिस्सा जलमग्न हो गया था।
मध्य प्रदेश: साइक्लोनिक सिस्टम से तेज बारिश, स्कूलों में जलभराव
मध्य प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश जारी है। शिवपुरी के लुकवासा क्षेत्र में एक निजी स्कूल में पानी भर गया, जिससे कई शिक्षक और कर्मचारी फंस गए। एसडीईआरएफ की टीम द्वारा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और 10 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
टीकमगढ़ में रविवार को 9 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई। श्योपुर जिले में पार्वती नदी उफान पर है, जिससे श्योपुर-बारां हाईवे बंद हो गया है।
राजस्थान: माउंट आबू में 7 इंच बारिश, 27 जिलों में Alert
राजस्थान में मानसून जमकर बरस रहा है। माउंट आबू में 24 घंटे में 7 इंच बारिश दर्ज की गई है। जयपुर, सीकर और झुंझुनूं में भी रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जयपुर में आधे घंटे की मूसलधार बारिश ने शहर की सड़कों को पानी से भर दिया।
राज्य में 1 जून से अब तक सामान्य से 133% ज्यादा बारिश हो चुकी है। कई गांवों और कस्बों का संपर्क टूट गया है। मौसम विभाग ने जयपुर समेत 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि दो जिलों में Red Alert जारी किया गया है।
ओडिशा: 50 गांवों में बाढ़, एक महिला की मौत
ओडिशा के 50 गांवों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, जिससे 50 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। एक 24 वर्षीय महिला तेज धार में बह गई, जिससे उसकी मौत हो गई। राहत और बचाव के लिए NDRF, SDRF और ODRF की टीमें तैनात की गई हैं।
राज्य में कई जगहों पर सड़कों और घरों में पानी घुस गया है। प्रशासन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने में जुटा है।
उत्तर प्रदेश: 20 जिलों में भारी बारिश, आगरा में मगरमच्छ निकला
उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। ललितपुर में रविवार को 132 मिमी बारिश दर्ज की गई। आगरा में चंबल नदी से निकला एक मगरमच्छ पास के गांव में पहुंच गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए 20 जिलों में भारी बारिश और 10 जिलों में हल्की बारिश व बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।
हरियाणा और चंडीगढ़: ऑरेंज अलर्ट, 13 जिलों में बारिश की चेतावनी
हरियाणा के 13 जिलों में सोमवार के लिए गरज, बिजली और बारिश का Alert जारी किया गया है। 6 जिलों में मध्यम बारिश और 3 जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं।
चंडीगढ़ में भी रविवार को मानसून की एंट्री हो गई है। मौसम विभाग ने 25 से 26 जून के लिए बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हिमाचल प्रदेश: धीमी गति से बढ़ रहा मानसून, 3 जिलों में अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में मानसून धीमी गति से आगे बढ़ रहा है लेकिन इसके प्रभाव से आने वाले 5 दिन बारिश के रहेंगे। ऊना, कांगड़ा और सिरमौर जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। अन्य जिलों जैसे बिलासपुर, मंडी और सोलन में यलो अलर्ट जारी है।
बिहार: 15 जिलों में बारिश की चेतावनी, तेज हवाएं चल सकती हैं
बिहार में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने राज्य के 15 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 10 जिलों में यलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन जिलों में 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है, इसलिए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी गई है।
झारखंड: उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की आशंका
झारखंड में भी मानसून पूरी तरह सक्रिय है। रांची समेत कई जिलों में रविवार को झमाझम बारिश हुई। सोमवार को भी बारिश जारी रही और विशेषकर उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना बनी हुई है।
कल का पूर्वानुमान (24 जून)
मौसम विभाग ने 24 जून को इन राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है:
-
गुजरात
-
सौराष्ट्र-कच्छ
-
मध्य महाराष्ट्र
-
कोंकण-गोवा
-
बिहार
-
छत्तीसगढ़
-
नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा
इन राज्यों में भारी बारिश की संभावना है:
-
सिक्किम
-
पश्चिम बंगाल
-
पूर्वी राजस्थान
-
जम्मू-कश्मीर
-
पंजाब
-
हरियाणा
-
दिल्ली
-
उत्तर प्रदेश
-
ओडिशा
-
झारखंड
-
विदर्भ
-
कर्नाटक
-
केरल
मानसून की आगे की चाल
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे में मानसून दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शेष हिस्सों में पहुंच जाएगा।
पूर्वोत्तर भारत में अगले 3 दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।