Pioneer digital desk
भारत के विभिन्न हिस्सों में मानसून से पहले ही भारी बारिश ने दस्तक दे दी है। मौसम(Weather) विभाग ने 16 राज्यों में आज के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राज्यों में मौसम का हाल..
राजस्थान:
राजस्थान में लगातार दूसरे दिन प्री-मानसून की बारिश जारी रही। जयपुर, जोधपुर सहित 14 जिलों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज भी 11 जिलों में भारी और 14 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। अलवर में एक सड़क ढह गई और बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश:
यहां 24 से 48 घंटे के भीतर मानसून की एंट्री संभव है। इससे पहले प्री-मानसून के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। नरसिंहपुर और डिंडौरी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश:
भीषण गर्मी के बीच यूपी के 62 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। वाराणसी का तापमान 43.2°C तक पहुंच गया। 18 जून को गोरखपुर के रास्ते मानसून प्रवेश करेगा।
बिहार:
पूर्वी और उत्तरी बिहार के 12 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 26 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बक्सर में बिजली गिरने से एक नाबालिग की मौत हो गई।
झारखंड:
रांची और सिमडेगा समेत 6 जिलों में आज भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मानसून की औपचारिक एंट्री से पहले ही मौसम बिगड़ चुका है।
छत्तीसगढ़:
राज्य के सभी जिलों में बारिश का यलो अलर्ट है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में भारी बारिश की संभावना है। राजनांदगांव में पारा 39°C तक पहुंचा।
पंजाब-चंडीगढ़:
पिछले 24 घंटे में तापमान में 5°C की गिरावट दर्ज की गई है। आज 12 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पठानकोट और होशियारपुर सहित छह जिलों में आंधी का यलो अलर्ट है।
हरियाणा:
राज्य में अगले 4 दिन तक लगातार बारिश की संभावना जताई गई है। बिजली गिरने और तेज हवाओं (30-40 किमी/घंटा) का भी अलर्ट है। मानसून 28 जून तक पहुंच सकता है।
दिल्ली:
रविवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, हालांकि तापमान अब भी 41.8°C तक पहुंच रहा है।
केरल और कर्नाटक:
दोनों राज्यों में बहुत भारी बारिश जारी है। मलप्पुरम, कन्नूर, कासरगोड, वायनाड और त्रिशूर में स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। कर्नाटक के उडुपी और दक्षिण कन्नड़ जिलों में भी रेड अलर्ट के चलते स्कूल बंद रहेंगे।
17-18 जून का अलर्ट:
- 17 जून: तमिलनाडु, पुडुचेरी, विदर्भ, पूर्वी मध्यप्रदेश, गुजरात, सौराष्ट्र, बिहार, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट।
- 18 जून: गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी एमपी, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पूर्वी यूपी, उत्तराखंड, बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट।