Pioneer digital desk
देश के उत्तर और मध्य भारत में भीषण गर्मी (Heat) का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ समेत 9 राज्यों में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें से कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
हरियाणा और राजस्थान में रेड अलर्ट, 48°C तक पहुंच सकता है तापमान
हरियाणा और राजस्थान में भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के 9 जिलों में तापमान 48 डिग्री तक पहुंचने की आशंका है, वहीं सिरसा में गुरुवार को 47.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजस्थान के 22 जिलों में हीटवेव की चेतावनी और 8 जिलों में आंधी-बारिश का भी अलर्ट है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में गर्मी व आंधी-बारिश की दोहरी मार
उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है, जबकि 14 जिलों में लू का खतरा बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में 30 जिलों में तापमान 40°C से ऊपर रहा। बिहार में अगले 48 घंटे हीटवेव से राहत की उम्मीद नहीं है। 17 जिलों में यलो अलर्ट जारी है और कुछ जिलों में तेज हवाओं व बारिश की संभावना है।
दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का सिलसिला
कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, और तेलंगाना समेत दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। असम, मेघालय, त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड जैसे पूर्वोत्तर राज्यों में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हुबली (कर्नाटक) में बारिश के कारण कई जगहों पर सड़कों और बेसमेंट में जलभराव हो गया।
तेलंगाना में आकाशीय बिजली से 6 मौतें
तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में गुरुवार को बिजली गिरने की घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 5 महिलाएं शामिल थीं। घटनाएं भारी बारिश के दौरान अलग-अलग इलाकों में हुईं। राज्य में मानसून के साथ मौसम की गंभीरता भी बढ़ रही है।
मानसून की स्थिति: 25 जून तक पहुंचेगा उत्तर भारत
इस बार मानसून ने 24 मई को केरल में दस्तक दी, जो सामान्य से 8 दिन पहले था। वर्तमान में यह मुंबई और छत्तीसगढ़ बॉर्डर तक पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून 25 जून तक दिल्ली, हरियाणा और उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य भागों में पहुंच जाएगा।
राजस्थान और मध्यप्रदेश में जल्द शुरू होगी प्री-मानसून बारिश
राजस्थान में 14-15 जून से प्री-मानसून बारिश का दौर शुरू होने की संभावना है, जो कोटा और उदयपुर संभाग से शुरू होकर 20 जून तक जयपुर और भरतपुर क्षेत्रों को कवर करेगा। वहीं, मध्य प्रदेश में 15 और 16 जून को भारी बारिश का अलर्ट है, खासतौर पर छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी और अनूपपुर जिलों में।