Pioneer digital desk

देशभर में भीषण गर्मी (Heat) और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 7 दिनों में देश के कई हिस्सों में तापमान 8 से 13 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है, जो चिंताजनक स्तर तक पहुंच चुका है। पंजाब का बठिंडा 47.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि हरियाणा के सिरसा में पारा 46.2 डिग्री पर पहुंच गया।

राजस्थान: लू का रेड अलर्ट जारी

राजस्थान में भीषण गर्मी और लू के चलते हालात गंभीर होते जा रहे हैं। मंगलवार को श्रीगंगानगर में तापमान 47.4°C, कोटा में 46.3°C और बीकानेर में 46°C दर्ज किया गया। जयपुर, अलवर, भीलवाड़ा और पिलानी सहित 12 शहरों में पारा 44 डिग्री से ऊपर रहा। राज्य में 14 जून तक किसी राहत की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने दो जिलों में रेड अलर्ट, दो में ऑरेंज अलर्ट, और 9 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली-एनसीआर: गर्मी का असली एहसास 47 डिग्री जैसा

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का प्रकोप कम नहीं है। मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 43.8°C रहा, लेकिन गर्म हवाओं और शुष्क मौसम के कारण यह 47°C जैसा महसूस हुआबुधवार को दिल्ली का तापमान 45°C तक पहुंचने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश: 17 जिलों में हीटवेव अलर्ट

उत्तर प्रदेश भी लू की चपेट में है। मंगलवार को झांसी में तापमान 45.2°C और आगरा में 45.1°C दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 17 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 और 12 जून को हल्की बारिश की संभावना है, जिससे मामूली राहत मिल सकती है।

मध्य प्रदेश: नौतपा जैसी गर्मी, 28 शहरों में 40°C पार

एमपी में जून की शुरुआत से ही सूरज आग बरसा रहा है। ग्वालियर सहित 15 जिलों में लू का अलर्ट है। मंगलवार को नौगांव में सबसे ज्यादा 46.1°C दर्ज किया गया, जबकि नर्मदापुरम, गुना, खजुराहो, टीकमगढ़ और सागर में तापमान 45°C के पार रहा। कुल 28 शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। अगले दो दिनों तक लू के हालात बने रहेंगे।

हरियाणा: 46°C तक पहुंचा पारा

हरियाणा में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सिरसा में तापमान 46.2°C दर्ज किया गया। 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 15 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। गुरुवार को 15 जिलों में फिर से येलो अलर्ट रहेगा। हालांकि शुक्रवार को मौसम में आंशिक बदलाव की उम्मीद है, कुछ स्थानों पर बादल छा सकते हैं और तेज हवाएं चल सकती हैं।

हिमाचल प्रदेश: पहाड़ों में भी लू की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में भी मैदानी इलाकों में गर्मी का असर बढ़ गया है। ऊना में तापमान 44.2°C पहुंच गया। कुल्लू, मंडी, ऊना, सोलन और कांगड़ा जिलों में आज और कल येलो अलर्ट जारी है। 13 जून से राज्य में हल्की बारिश की संभावना है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।

बिहार: लू के साथ तेज बारिश का अलर्ट

बिहार में गर्मी के बीच बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। उत्तर और पूर्वी बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट, जबकि दक्षिण बिहार के 19 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है। कुछ क्षेत्रों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

झारखंड: 16 जून तक बारिश की संभावना

झारखंड में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। कई इलाकों में छिटपुट बारिश के बावजूद उमस भरी गर्मी बनी हुई है। राजधानी रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में खुली धूप और गर्म हवाएं चल रही हैं। IMD ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया है। 16 जून तक प्री-मॉनसून एक्टिविटी जारी रह सकती है।

केरल: भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

देश के दक्षिणी राज्य केरल में फिर से तेज बारिश की चेतावनी जारी हुई है। मौसम विभाग ने 13 जून को 4 जिलों और 14 जून को 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। उत्तरी जिलों में भारी बारिश होने की पूरी संभावना है।

कब मिलेगी राहत?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार:

“14 से 16 जून के बीच देश के कुछ हिस्सों में प्री-मॉनसून बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।”

हालांकि, उत्तर-पश्चिम भारत – जैसे दिल्ली, पंजाब, राजस्थान – में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इन इलाकों में लू का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।


देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी और लू का कहर जारी है। हालांकि कुछ इलाकों में बारिश और हवाओं से आंशिक राहत की संभावना जताई गई है, लेकिन उत्तर-पश्चिम भारत को अब भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा लोगों को सलाह दी जाती है कि सावधानी बरतें और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें।

Share.

Owner & Editor: Sujeet Kumar

Registered Office:
B-87 A, Gayatri Nagar, Shankar Nagar,
Near Jagannath Mandir,
Raipur, Chhattisgarh – 492004

Contact Details:
Email: rivalsmedia2025@gmail.com
Mobile: +91-6260039085

August 2025
M T W T F S S
 123
45678910
11121314151617
18192021222324
25262728293031

© 2025 Pioneer Digital Online. Designed by Nimble Technology.

Exit mobile version