Pioneer digital desk
नई दिल्ली- देशभर में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बुधवार को राजस्थान का श्रीगंगानगर देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग ने राजस्थान सहित कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान: गर्मी का रिकॉर्ड टूटा
राजस्थान में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। श्रीगंगानगर ने 48°C तापमान के साथ 2025 का रिकॉर्ड बनाया, जबकि जयपुर में बाड़मेर और जैसलमेर से ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। बीकानेर संभाग में 12 और 13 जून को रेड अलर्ट की चेतावनी है।
उत्तर प्रदेश: लू से 4 मौतें
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तापमान 40°C से ऊपर बना हुआ है। बीते 24 घंटे में लू (Heat stroke) से 4 लोगों की मौत हुई है। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी दी है। लखनऊ, प्रयागराज और कानपुर जैसे शहरों में भी तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है।
बिहार: शिवहर में एक की मौत, ऑरेंज अलर्ट जारी
बिहार के शिवहर जिले में एक युवक की लू(Heat stroke) लगने से मौत हो गई। राज्यभर में मौसम विभाग ने हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बुधवार को बक्सर में तापमान 43°C के करीब पहुंच गया, जबकि पटना में पिछले एक सप्ताह में तापमान में 5.4 डिग्री की वृद्धि हुई है।
मध्य प्रदेश: मानसून से पहले गर्मी चरम पर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के 12 जिलों में लू (Heat stroke) की संभावना जताई गई है। इनमें भिंड, मुरैना, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 14 या 15 जून तक मानसून की दस्तक हो सकती है।
दिल्ली और हरियाणा: रेड अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली के आया नगर में बुधवार को पारा 45.0°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के हिसार समेत 6 जिलों में तापमान 44 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। प्रदेश के 9 जिलों में लू (Heat stroke) का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।
पंजाब: रात में भी गर्मी, अमृतसर सबसे गर्म
पंजाब में भीषण गर्मी का दौर जारी है। राज्य में आज रेड अलर्ट लागू किया गया है। अमृतसर सबसे गर्म शहर रहा। मौसम विभाग के अनुसार, 14 जून से राज्य में धूल भरी आंधी और बारिश की संभावना है।
झारखंड: आंधी-तूफान और बारिश की संभावना
झारखंड के 20 जिलों में आज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रांची में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी झारखंड में गर्मी का असर बरकरार रहेगा।
स्वास्थ्य चेतावनी:
मौसम विभाग और स्वास्थ्य एजेंसियों ने नागरिकों को धूप में सीधे संपर्क से बचने, पानी की पर्याप्त मात्रा लेने और घर से बाहर निकलते समय सिर को ढकने की सलाह दी है।