नई दिल्ली- बारिश ने फिर से देश के कई हिस्सों में परेशानी बढ़ा दी है। राजस्थान, बिहार, ओडिशा, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में तेज बारिश से लोगों का जनजीवन मुश्किल में पड़ गया है। कहीं स्कूल बंद हो गए हैं, तो कहीं ट्रेनें रुक गई हैं। मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान: 8 जिलों में स्कूल बंद, 14 जिलों में रेड अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र का असर अब राजस्थान पर दिख रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें से झालावाड़, कोटा, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, बारां, डूंगरपुर, धौलपुर और अजमेर जिलों में एहतियातन स्कूलों की छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
कोटा बैराज से 2.90 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद नयापुरा क्षेत्र में पानी भर गया है। चंबल नदी का पानी ब्रजराज कॉलोनी और हरिजन बस्ती में घुस गया है। वहीं, झालावाड़ में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हो गई।
बारां, पाली, प्रतापगढ़, सिरोही सहित कई जिलों में 6 इंच तक बारिश दर्ज की गई है।
बिहार: पटना जंक्शन डूबा, ट्रेनें फंसीं
राजधानी पटना में रविवार रात से हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी। पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म और ट्रैक पानी में डूब गए हैं। स्टेशन के बाहर करीब 2 फीट तक पानी जमा हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फंसी हुई प्रमुख ट्रेनें:
-
13330 पलामू एक्सप्रेस – पुनपुन स्टेशन पर रुकी
-
63243 पटना-गया मेमू – परसा बाजार पर फंसी
-
03656 गया-पटना फास्ट पैसेंजर – पुनपुन में रुकी
-
13349 सिंगरौली एक्सप्रेस – पोठही स्टेशन पर
-
13244 इंटरसिटी एक्सप्रेस – नदवां स्टेशन पर
पटना के कंकड़बाग, पटना सिटी और अन्य इलाके भी जलमग्न हो गए हैं। रेल विभाग की ओर से पंप के माध्यम से पानी निकासी का काम जारी है।
ओडिशा: नदियों में उफान, गांवों में बाढ़
ओडिशा में सुवर्णरेखा, बैतरणी और जलाका नदियों के जलस्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। खासकर मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, सुंदरगढ़ और क्योंझर जिलों में भारी नुकसान हुआ है।
प्रशासन ने अब तक 1000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है। कई गांवों में नदी का पानी घरों में घुस गया है। राहत कार्यों के लिए NDRF और ODRAF की टीमें तैनात की गई हैं।
महाराष्ट्र: मकान ढहने से मौत, डैम फुल
ठाणे जिले के शाहपुर तालुका में भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण एक मकान गिर गया, जिसमें 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई।
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में डैम ओवरफ्लो की स्थिति बनी हुई है। खासकर पुणे, कोल्हापुर, नासिक क्षेत्रों में सावधानी बरती जा रही है।
मध्यप्रदेश: नर्मदा खतरे के निशान से ऊपर, डैम ओवरफ्लो
मध्यप्रदेश में बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम सक्रिय है। रविवार को भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, उज्जैन समेत 30 से ज्यादा जिलों में तेज बारिश हुई। नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कई डैम ओवरफ्लो हो गए हैं।
भोपाल में लगातार बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया है। प्रशासन ने अलर्ट जारी कर निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
हरियाणा: 12 जिलों में येलो अलर्ट
हरियाणा में भी मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, चरखी दादरी, गुरुग्राम, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल, फरीदाबाद और मेवात जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
अब तक सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर (470.8 मिमी) में दर्ज की गई है। आने वाले 2 दिन तक रुक-रुक कर तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश: अगले 48 घंटे भारी, 31 जुलाई से मौसम साफ
हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा, मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। प्रदेश में 20 जून से 27 जुलाई तक सामान्य से 5% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 31 जुलाई के बाद मानसून की गति धीमी हो जाएगी और मौसम साफ रहने लगेगा।
छत्तीसगढ़: मानसून की रफ्तार 30 जुलाई के बाद
फिलहाल छत्तीसगढ़ में मानसून सुस्त है लेकिन 30 जुलाई के बाद तेज बारिश की संभावना है। इससे पहले, खैरागढ़ में मूसलाधार बारिश के कारण 3 नदियों का पानी शहर में घुस गया और कलेक्ट्रेट के सामने इतवारी बाजार डूब गया।
इससे 5000 से ज्यादा लोग 3 दिन तक प्रभावित रहे।
देशभर में ऑरेंज अलर्ट: 13 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश (पश्चिमी), मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, असम, मेघालय, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और मध्य प्रदेश में 28 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में अगले 24-48 घंटों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। यात्रियों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।