Pioneer digital desk
नई दिल्ली। देश में Monsoon पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और इसका असर उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक देखा जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को देश के कई राज्यों में बारिश की चेतावनी जारी की है। उत्तराखंड, महाराष्ट्र, गुजरात और केरल में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि यूपी-बिहार समेत 27 राज्यों में येलो अलर्ट है।
उत्तराखंड: केदारनाथ हाईवे फिर बंद
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के सोनप्रयाग में शुक्रवार रात हुई तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड हो गया। इसके चलते केदारनाथ हाईवे को बंद करना पड़ा है। यात्रियों को सोनप्रयाग से पहले ही रोक दिया गया है और जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी है। पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश से बादल फटने और लैंडस्लाइड का खतरा और भी बढ़ गया है।
पूर्वोत्तर भारत: रेल संपर्क पांचवें दिन भी बाधित
त्रिपुरा, मिजोरम, मणिपुर और असम के दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश के चलते रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए हैं। लैंडस्लाइड के कारण पांच दिन से ट्रेन सेवाएं ठप हैं। इससे आम लोगों की आवाजाही और माल परिवहन दोनों प्रभावित हुए हैं।
महाराष्ट्र: मुंबई में हाई टाइड, सड़कों को नुकसान
महाराष्ट्र के कई हिस्सों में मानसून पूरे जोर पर है। मुंबई में समुद्र में ऊँची लहरें (हाई टाइड) उठ रही हैं जिससे समुद्र किनारे की सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा, चंद्रपुर जिले का ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व भी 1 जुलाई से तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है।
राजस्थान: 29 जिलों में येलो अलर्ट, 10 साल का रिकॉर्ड टूटा
राजस्थान के जैसलमेर में 10 साल का बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। शुक्रवार को जयपुर, अलवर, बूंदी, सीकर जैसे जिलों में भारी बारिश हुई। बूंदी में पिकनिक मनाने गए 3 दोस्त पानी में बह गए, जिनमें से एक युवक अभी भी लापता है। शनिवार को भी राज्य के 29 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
उत्तर प्रदेश: 55 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी
यूपी में मानसून जोर पकड़ चुका है। शनिवार सुबह सहारनपुर में तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 14 जिलों में भारी बारिश और 55 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। हालांकि राज्य में औसतन बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है, फिर भी अगले कुछ दिन अहम माने जा रहे हैं।
बिहार: 23 जिलों में अलर्ट, बिजली और तेज हवा की आशंका
बिहार में सभी 23 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 11 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 12 जिलों में येलो अलर्ट है। इन इलाकों में तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। अगले 2-3 दिन राज्य में बादल छाए रहेंगे और मौसम बिगड़ा रहेगा।
मध्य प्रदेश: 12 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
प्रदेश में रीवा, ग्वालियर और चंबल संभाग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। यहां पिछले 24 घंटे में औसतन 4.5 इंच तक बारिश हुई है। प्रदेश में दो ट्रफ लाइनें सक्रिय हैं, जिससे अगले 5 दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
हिमाचल प्रदेश: बादल फटने से सात लोग लापता
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू और धर्मशाला इलाकों में बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। अब तक 7 लोग लापता हैं, जिनकी खोजबीन के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। राज्य के 8 जिलों में आज तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
हरियाणा: सभी जिलों में बारिश का अनुमान
हरियाणा में आज सभी 22 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पंचकूला, अंबाला, कैथल, रोहतक जैसे जिलों में 75% से ज्यादा बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि सिरसा, हिसार जैसे जिलों में यह आंकड़ा 50% के करीब है।
पंजाब: मानसून हुआ सक्रिय, 12 जिलों में अलर्ट
पंजाब में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो चुका है। यहां 12 जिलों में आज बारिश का येलो अलर्ट है। 5 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
केरल: बांध का जलस्तर बढ़ा, खतरे के निशान के करीब
केरल के इडुक्की जिले के मुल्लापेरियार बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार को इसका जलस्तर 135.35 फीट दर्ज किया गया, जो 136 फीट के खतरे के निशान के करीब है। प्रशासन ने तटीय इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।
दिल्ली-NCR: आज मानसून की औपचारिक दस्तक की उम्मीद
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके साथ ही तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक आने की उम्मीद है।