Pioneer digital desk
नई दिल्ली | बॉलीवुड एक्ट्रेस Karishma Kapoor के पूर्व पति और मशहूर उद्योगपति संजय कपूर का 12 जून को इंग्लैंड में निधन हो गया। वह 53 वर्ष के थे। संजय, सोना कॉमस्टार कंपनी के चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे। कंपनी ने बताया कि उनका निधन दिल का दौरा पड़ने से हुआ।
कंपनी ने दी श्रद्धांजलि
सोना कॉमस्टार ने सोशल मीडिया पर संजय कपूर को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा:
“गहरे दुख के साथ सूचित किया जाता है कि श्री संजय जे. कपूर का 12 जून 2025 को इंग्लैंड में आकस्मिक निधन हो गया। वह कंपनी के चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे।”
“संजय कपूर एक विजनरी लीडर थे, जिन्होंने कंपनी को ग्लोबल मोबिलिटी टेक्नोलॉजी ब्रांड बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके विचार, समर्पण और नेतृत्व की कमी हमेशा महसूस की जाएगी।”
कंपनी ने यह भी कहा कि वह एक समर्पित पिता, प्रेरक मार्गदर्शक और भारत के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर के मजबूत समर्थक थे। श्रद्धांजलि सभा की जानकारी जल्द साझा की जाएगी।
परिवार, निजी जीवन और रिश्ते
संजय कपूर, अभिनेत्री Karishma Kapoor के पूर्व पति थे। दोनों की शादी 2003 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं – समायरा और कियान। 2016 में उनका तलाक हुआ। इसके बाद उन्होंने 2017 में मॉडल प्रिया सचदेव से शादी की। प्रिया और संजय का एक बेटा अजारियस है और वे प्रिया की पहली शादी से हुई बेटी सफीरा की भी देखभाल करते थे।
Karishma Kapoor के घर पहुंचे करीना, सैफ और मलाइका
संजय कपूर के निधन की खबर मिलते ही कई बॉलीवुड सेलेब्स करिश्मा कपूर से मिलने उनके घर पहुंचे। करीना कपूर और सैफ अली खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा भी उन्हें सांत्वना देने देर रात तक उनके घर मौजूद रहे।
खेल के प्रति जुनून: पोलो टीम के संरक्षक
संजय कपूर, देहरादून के प्रतिष्ठित दून स्कूल के छात्र रहे थे और उन्हें पोलो खेलने का बेहद शौक था।
-
उनकी अपनी पोलो टीम का नाम था ‘ऑरियस’।
-
निधन के वक्त वह इंग्लैंड में होटल व्यवसायी जैसल सिंह की टीम ‘सुझान’ के खिलाफ पोलो मैच खेल रहे थे।
मौत से कुछ घंटे पहले किया था अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर पोस्ट
संजय कपूर ने अपने निधन से कुछ घंटे पहले ही अहमदाबाद विमान हादसे पर एक्स (ट्विटर) पर शोक जताया था। उन्होंने लिखा था:
“अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना की खबर दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी प्रभावित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें इस कठिन घड़ी में शक्ति प्रदान करे।”
यह पोस्ट उनके सोशल मीडिया अकाउंट की अंतिम पोस्ट बन गई।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
संजय कपूर के आकस्मिक निधन से न केवल उनके परिवार, बल्कि बिजनेस वर्ल्ड और बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी शोक की लहर है।
सोना कॉमस्टार और उद्योग जगत के कई दिग्गजों ने उन्हें एक प्रेरक नेतृत्वकर्ता और मानवता से भरपूर व्यक्तित्व बताया है।