Pioneer digital desk
नई दिल्ली, 17 जून 2025- तीन हफ्तों की सुस्ती के बाद इस बार मानसून ने अब एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग (IMD) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार को मानसून ने गुजरात, मध्य प्रदेश और झारखंड में दस्तक दे दी है। इसके अलावा महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी मानसून सक्रिय हो गया है।
19 राज्यों में बारिश(Rain) का अलर्ट, कई में रेड और ऑरेंज चेतावनी
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत अन्य 17 राज्यों में ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। भारी बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाओं की घटनाएं इन राज्यों में संभावित हैं।
बिजली गिरने से 4 राज्यों में 19 मौतें
-
मध्य प्रदेश (सिंगरौली): 5 लोगों की मौत, जिनमें 3 बच्चे और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं।
-
उत्तर प्रदेश: चंदौली, ललितपुर, बरेली, गोंडा और सोनभद्र में कुल 11 लोगों की मौत।
-
राजस्थान: बारां और कोटा में 3 लोगों की जान गई।
-
बिहार: 14 लोगों की मौत, 12 लोग झुलसे।
राज्यवार मौसम का हाल और चेतावनियां:
राजस्थान:
राज्य में प्री-मानसून बारिश (Rain) तेज हो गई है। जयपुर, अजमेर समेत 20 से अधिक जिलों में सोमवार को बारिश हुई। मौसम विभाग ने 20 जून तक यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को भी 26 जिलों में बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। बारां और कोटा में कुल 3 लोगों की जान गई, जबकि कुछ जगहों पर डूबने की घटनाएं भी हुई हैं। कोटा बैराज के गेट भी खोल दिए गए हैं।
मध्य प्रदेश:
मानसून दक्षिण-पश्चिम ज़ोन से होते हुए बड़वानी, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर से राज्य में दाखिल हो गया है। अगले दो दिन में भोपाल और इंदौर में मानसून की पहली बारिश हो सकती है। ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में सबसे देर से पहुंचेगा। सिंगरौली में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 3 नाबालिग और एक बुजुर्ग महिला शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश:
पिछले 24 घंटों में 46 जिलों में बारिश (Rain) हुई है। बरेली में 149 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य के 54 जिलों में मंगलवार को बारिश और आंधी का अलर्ट है। बिजली गिरने से चंदौली, ललितपुर, बरेली, गोंडा और सोनभद्र में कुल 11 लोगों की मौत हुई है। हीटवेव का असर लगभग समाप्त हो गया है।
बिहार:
प्रदेश के 38 जिलों में बारिश की संभावना है। 10 जिलों में ऑरेंज और 28 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। पटना, नालंदा समेत कई जिलों में सोमवार को बारिश हुई। बिजली गिरने की घटनाओं में 14 लोगों की मौत और 12 घायल हुए हैं। अगले 24 घंटे में मानसून बिहार में प्रवेश कर सकता है।
झारखंड:
मानसून ने झारखंड में दस्तक दे दी है। 17 से 20 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी है। गरज-चमक और 60 किमी/घंटा तक की तेज हवाओं का अलर्ट जारी है।
छत्तीसगढ़:
25 दिन बाद मानसून दुर्ग पहुंच चुका है। अगले 24 घंटे में रायपुर में भी मानसून सक्रिय हो सकता है। 8 जिलों में ऑरेंज और 10 में यलो अलर्ट जारी किया गया है। बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है।
पंजाब और हरियाणा:
पंजाब में 8 जिलों में बारिश(Rain) की संभावना है। 25 से 30 जून के बीच मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। हरियाणा के 5 जिलों में मंगलवार सुबह बारिश हुई। राज्य के 21 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट है। सोनीपत में भारी बारिश से गलियों में पानी भर गया, वहीं लोहे के पोल में करंट से युवक की मौत हो गई।
हिमाचल प्रदेश:
प्रदेश में मानसून की एंट्री अभी नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 और 22 जून को भारी बारिश हो सकती है। 6 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
18 और 19 जून का पूर्वानुमान:
-
18 जून:
गुजरात, सौराष्ट्र, कच्छ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बंगाल, सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट। वहीं बिहार, झारखंड, ओडिशा, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में ऑरेंज अलर्ट। -
19 जून:
गुजरात, उत्तराखंड, बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की चेतावनी। बिहार, झारखंड, कोंकण गोवा, मध्य महाराष्ट्र, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत पूर्वोत्तर राज्यों में ऑरेंज अलर्ट।
मानसून ने देशभर में अपने असर से गर्मी से राहत तो दी है, लेकिन बिजली गिरने जैसी घटनाओं ने चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करते हुए सतर्क रहना बेहद जरूरी है। खासकर ग्रामीण और खेतों में काम करने वाले लोग आकाशीय बिजली और तेज हवाओं से बचाव के उपाय जरूर करें।