Pioneer digital desk
Monsoon ने इस बार समय से उत्तर भारत में दस्तक दी है और तेजी से फैलता जा रहा है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड और हरियाणा समेत लगभग आधे देश में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। कहीं हल्की फुहारें तो कहीं तेज बौछारें – मौसम की इस करवट ने लोगों को गर्मी से राहत दी है, लेकिन कई इलाकों में अलर्ट भी जारी है।
राजस्थान: 27 जिलों में अलर्ट, सिरोही में घंटों बारिश
बुधवार को दोपहर करीब 1 बजे मौसम विभाग ने राजस्थान में मानसून की आधिकारिक एंट्री की घोषणा की। गुरुवार को राज्य के 27 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें से 5 जिलों – कोटा, बूँदी, सिरोही, झालावाड़ और बारां में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
सिरोही में बुधवार को 4 घंटे तक लगातार बारिश हुई, जिससे कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में सक्रिय मानसून बने रहने की बात कही है।
उत्तर प्रदेश: समय पर मानसून, 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
चार साल बाद पहली बार मानसून उत्तर प्रदेश में अपने निर्धारित समय पर पहुंचा है। बुधवार को मानसून ने ललितपुर और सोनभद्र के रास्ते एंट्री की और अब तक 35.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।
गुरुवार को पूर्वी यूपी के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि 22 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा जताया गया है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के 9 शहरों में बारिश दर्ज की गई।
मध्य प्रदेश: 54 जिलों में मानसून, भोपाल-इंदौर में आंधी-बारिश की चेतावनी
मध्यप्रदेश में केवल एक जिला (भिंड) छोड़कर बाकी सभी 54 जिलों में मानसून पहुंच गया है। मौसम विभाग ने ग्वालियर और चंबल में भारी बारिश और भोपाल-इंदौर सहित कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई है। तेज हवाओं की गति 40-60 किमी प्रति घंटा रह सकती है।
झारखंड: रेड अलर्ट, रांची में स्कूल बंद, फ्लाइट्स रद्द
झारखंड में गुरुवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। रांची जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद कर दिया है। बुधवार को खराब मौसम के चलते रांची से उड़ान भरने वाली चार फ्लाइट्स को रद्द करना पड़ा। आपदा प्रबंधन विभाग ने सतर्कता बरतने की अपील की है।
देशभर में मौसम अलर्ट: 20 और 21 जून को भारी बारिश की चेतावनी
20 जून को:
हिमाचल, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, कोंकण-गोवा, बिहार, ओडिशा, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, त्रिपुरा, मिजोरम में भारी बारिश का अलर्ट है।
UP, MP, झारखंड और छत्तीसगढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
21 जून को:
उत्तराखंड, यूपी, ईस्ट एमपी, बिहार, झारखंड, गुजरात, कोंकण-गोवा, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है।
केदारनाथ यात्रा पर असर: भूस्खलन में 2 की मौत
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बुधवार को केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन हुआ। भारी बारिश के चलते हुए इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई और 3 लोग घायल हो गए। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया है और बचाव कार्य जारी है।
ओडिशा: समुद्र में तूफानी स्थिति, मछुआरों को चेतावनी
ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर, झारसुगुड़ा और संबलपुर जिलों में बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही समुद्री लहरें उग्र हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले 48 घंटों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
दिल्ली-NCR: AQI 8 महीने में सबसे साफ, लोगों को राहत
दिल्ली में प्री-मानसून बारिश की वजह से न केवल तापमान में गिरावट आई है, बल्कि प्रदूषण भी काफी कम हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार को AQI 81 रहा, जो कि “संतोषजनक” श्रेणी में आता है।
यह पिछले 8 महीनों में सबसे कम वायु प्रदूषण का स्तर है। इससे पहले 29 सितंबर 2024 को AQI 76 दर्ज हुआ था।
हरियाणा, पंजाब, बिहार का हाल भी जानें
हरियाणा:
17 जिलों में बारिश का अलर्ट है, जिनमें गुरुग्राम, पंचकूला, अंबाला, सोनीपत, फरीदाबाद प्रमुख हैं। तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है।
पंजाब:
8 जिलों में बारिश और 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। तापमान में औसतन 3.6°C की बढ़त दर्ज की गई है।
बिहार:
गया में 105 मिमी बारिश के साथ राज्य में मानसून सक्रिय है। सभी 38 जिलों में बारिश की संभावना है। 25 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 13 में येलो अलर्ट जारी किया गया है।